डीसीपी ट्रैफिक के पीआरओ ने गलत पोस्ट करने पर दर्ज कराई प्राथमिकी
डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी
कानपुर।डीसीपी ट्रैफिक के पीआरओ संतोष कुमार शुक्ला ने व्हाट्सएप पर कथित रूप से भ्रामक और गलत पोस्ट कर उनकी छवि धूमिल करने के आरोप में एक यूजर के खिलाफ चकेरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
डीसीपी ट्रैफिक के पीआरओ एवं चकेरी थाने के पूर्व थानाध्यक्ष संतोष कुमार शुक्ला का आरोप है कि कानपुर पुलिस मीडिया नामक व्हाट्सएप ग्रुप में यूजर आशीष अवस्थी द्वारा एक न्यूज़ ब्रेकिंग पोस्ट की गई, जिसमें उन्हें डकैती के मामले का आरोपी बताते हुए ट्रैफिक विभाग की जिम्मेदारी संभालने का दावा किया गया।
पोस्ट में यह भी उल्लेख किया गया था कि कथित रूप से पुलिस कार्रवाई न होने से परेशान पीड़ित संजय जायसवाल ने वीडियो जारी कर न्याय की गुहार लगाई थी तथा तत्कालीन पुलिस कमिश्नर की कथित संरक्षण में उन्हें चकेरी थाने की जिम्मेदारी दी गई थी। साथ ही, नए पुलिस कमिश्नर के आने के बाद चकेरी थाने से हटाए जाने और वर्तमान में ट्रैफिक व्यवस्था की कमान सौंपे जाने जैसे आरोप भी लगाए गए थे।
पीआरओ संतोष कुमार शुक्ला ने इन सभी आरोपों को निराधार, भ्रामक और मानहानिकारक बताते हुए चकेरी थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर मंगलवार को आशीष अवस्थी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।




