*उन्नाव दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत*
चार लोग हुए थे घायल, गंभीर हालत में पीजीआई लखनऊ रेफर; इलाज के दौरान प्रेम और निहाल ने तोड़ा दम
उन्नाव। मौरावां थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हैं। हादसा हड़ाहरा गांव से कालूखेड़ा जाने वाली सड़क पर हुआ। टक्कर के बाद चारों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी कालूखेड़ा पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने चारों को पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने प्रेम पुत्र हीरालाल यादव और निहाल (18) पुत्र हरिओम को मृत घोषित कर दिया।
दो-दो लोग सवार थे दोनों बाइकों पर
पुलिस के अनुसार, स्प्लेंडर बाइक (यूपी 32 एसए 5143) पर लखनऊ के आवास विकास वृंदावन सेक्टर-2ए, थाना पीजीआई निवासी निहाल और हरिओम (40) सवार थे। वहीं, दूसरी पैशन प्रो बाइक (यूपी 35 क्यू 3148) पर मौरावां थाना क्षेत्र के बालामुकुंद गांव निवासी प्रेम और दिनेश पुत्र प्यारे लाल यादव सवार थे।
दोनों मोटरसाइकिलों की टक्कर इतनी तेज थी कि चारों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पीजीआई में इलाज के दौरान निहाल और प्रेम की मौत हो गई। घायल हरिओम और दिनेश का इलाज जारी है।
परिवारों में मचा कोहराम
दो युवकों की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया। मंगलवार दोपहर मृतक प्रेम के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दोनों मोटरसाइकिलों की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
*अस्तित्व कुशवाहा उन्नाव संवाददाता*




