कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए अपार आईडी बेहद जरूरी, माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जारी की विज्ञप्ति
राजेश कटियार
प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के डिजिटल भविष्य को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए अपार आईडी यानी वन नेशन, वन स्टूडेंट आईडी की व्यवस्था लागू की है। परिषद के सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह 12 अंकों की एक स्थायी डिजिटल पहचान होगी जो छात्र के स्कूल से लेकर उच्च शिक्षा तक के पूरे शैक्षणिक सफर का रिकॉर्ड और सभी महत्वपूर्ण प्रमाणपत्रों (जैसे मार्कशीट व टीसी) को डिजिटल रूप से डिजिलॉकर पर सुरक्षित रखेगी हालांकि वर्तमान पंजीकरण और परीक्षा फॉर्म भरते समय इसे अनिवार्य नहीं किया गया है लेकिन छात्रवृत्ति व अन्य सरकारी योजनाओं का निर्बाध लाभ उठाने के लिए परिषद ने अभिभावकों से अपने बच्चों की अपार आईडी बनवाने की विशेष अपील की है। इसके साथ ही राज्य के सभी प्रधानाचार्यों और जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे अभिभावकों के सहयोग और सहमति से अंतिम तिथि से पहले शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी प्रविष्टि सुनिश्चित करें ताकि प्रदेश के छात्र डिजिटल रूप से सशक्त हो सकें।




