बड़ी खुशखबरी: मुख्यमंत्री रसोइया कैशलेस चिकित्सा योजना का आगाज, 23 अगस्त को रसोइयों का होगा सम्मान
राजेश कटियार
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में मिड-डे मील बनाने वाले रसोइयों और उनके आश्रित परिवारों के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री रसोइया कैशलेस चिकित्सा योजना की शुरुआत की जा रही है जिसके तहत प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों को अब पूरी तरह से मुफ़्त (कैशलेस) इलाज की सुविधा मिलेगी। इस बड़े फैसले के उपलक्ष्य में आगामी 23 अगस्त 2026 को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य शुभारंभ मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में 23 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमती नगर लखनऊ में किया जाएगा जिसका सीधा प्रसारण दूरदर्शन और मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया हैंडल्स पर देखा जा सकेगा। इसी क्रम में कानपुर देहात जिले के माती स्थित ईको पार्क के कम्युनिटी हॉल में भी सुबह 10 बजे से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय द्वारा जिले के समस्त शिक्षक संघों और सम्मानित पदाधिकारियों को इस कार्यक्रम में उपस्थित रहने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले रसोइयों की स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करना है जिससे उनके परिवारों को बीमारी के समय इलाज के भारी खर्च से बड़ी राहत मिलेगी।




