कानपुर; दिनांक – 18.08.2026
कानपुर मेट्रो: कानपुर सेंट्रल मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों के लिए निःशुल्क हेल्थ कैंप का आयोजन
कानपुर मेट्रो के कानपुर सेंट्रल मेट्रो स्टेशन पर आज सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक मेदांता हॉस्पिटल, गुरुग्राम के सहयोग से निःशुल्क हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य मेट्रो यात्रियों एवं कर्मचारियों को प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था।
शिविर के दौरान मेट्रो यात्रियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ-साथ ब्लड प्रेशर, रैंडम ब्लड शुगर, फेफड़ों की कार्यक्षमता की जांच के लिए पीएफटी (पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट) तथा हड्डियों की डेंसिटी एवं कैल्शियम की स्थिति की जांच के लिए बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) टेस्ट किए गए। इसके अतिरिक्त, कार्डियोलॉजिस्ट एवं जनरल फिजिशियन द्वारा चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया। हेल्थ कैंप में बड़ी संख्या में यात्रियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रतिभागियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने, नियमित व्यायाम करने, पर्याप्त नींद लेने तथा स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी। साथ ही, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।




