दिल्ली एयरपोर्ट पर दाऊद का करीबी अख्तर मर्चेंट गिरफ्तार
भारत सरकार को एक बार फिर विदेश में रह रहे भगोड़े अपराधी पर नकेल कसने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के कथित पूर्व सहयोगी 60 वर्षीय अख्तर मर्चेंट को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया है। मर्चेंट 2023 में ठाणे जिले के मीरा रोड स्थित काशीमीरा क्षेत्र में हुई एक बेकरी फायरिंग और जबरन वसूली की घटना के सिलसिले में पिछले तीन साल से फरार चल रहा था। आपको बता दें कि केंद्रीय एजेंसियों और महाराष्ट्र पुलिस (मीरा-भायंदर वसई-विरार पुलिस क्राइम ब्रांच) के एक संयुक्त ऑपरेशन में मर्चेंट को विदेश से भारत लौटते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया। इंटरपोल द्वारा इस महीने की शुरुआत में उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था।




