*कंपनी संचालक की दबंगई से बंद हुई जल निकासी, रोड नंबर-2 पर बह रहा बारिश का पानी; उद्योगों में बढ़ी परेशानी*
नाहर सिंह यादव की रिपोर्ट
कानपुर देहात। जैनपुर औद्योगिक क्षेत्र (ग्रोथ सेंटर जैनपुर) में स्थित डी-137 (D-137) इकाई के संचालक पर जल निकासी मार्ग बंद करने का आरोप लगा है। स्थानीय कंपनी संचालकों का कहना है कि जल निकासी अवरुद्ध होने से बारिश का पानी रोड नंबर-2 पर भरकर बह रहा है, जिससे उद्योगों के संचालन में दिक्कतें आ रही हैं और पूरे क्षेत्र में जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है।
जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले यूपीसीडा (UPCIDA) के जूनियर इंजीनियर बी.पी. मौर्य ने संबंधित कंपनी संचालक से बातचीत कर जल निकासी को तत्काल सुचारु कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अब तक नाली नहीं खोली गई, जिससे बारिश का पानी सड़क पर जमा होकर आसपास की फैक्ट्रियों तक पहुंच रहा है।
क्षेत्र के उद्योगपतियों का कहना है कि जलभराव के कारण कर्मचारियों के आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, कई स्थानों पर पानी जमा रहने से दुर्गंध फैलने लगी है, जिससे वातावरण भी दूषित हो रहा है और स्वास्थ्य संबंधी खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
कुछ स्थानीय लोगों का आरोप है कि डी-137 का संचालक प्रभावशाली और दबंग प्रवृत्ति का है, जिसके चलते विभागीय कार्रवाई प्रभावी नहीं हो पा रही है। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
रोड नंबर-2 स्थित कई कंपनी संचालकों ने प्रशासन और यूपीसीडा से बंद जल निकासी को तत्काल खुलवाने की मांग की है। साथ ही, यदि किसी व्यक्ति या संस्था द्वारा सरकारी जल निकासी व्यवस्था में अवरोध उत्पन्न किया गया है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई है।
अब उद्योग संचालकों की निगाहें प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं कि जलभराव की समस्या का समाधान कब तक कराया जाता है।




