दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने को हुआ पूर्वाभ्यास
कानपुर नगर, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर में 10 जुलाई अपराह्न 2 बजे को आयोजित होने वाले 28वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बृहस्पतिवार को व्यापक रिहर्सल कराया गया। कुलपति डॉ संजीव गुप्ता के निर्देशन में राजभवन से आई टीम की मौजूदगी में समारोह की सभी गतिविधियों का पूर्वाभ्यास किया गया और तैयारियों का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं समितियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।रिहर्सल के दौरान विद्वत पदयात्रा, शैक्षणिक शोभायात्रा, अतिथियों के आगमन, पुरस्कार एवं उपाधि वितरण सहित समारोह के प्रत्येक कार्यक्रम का क्रमवार अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने कार्यक्रम की समयबद्धता, मंच संचालन और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया ताकि समारोह पूरी गरिमा और अनुशासन के साथ संपन्न कराया जा सके।
कुलपति डॉ संजीव गुप्ता ने कहा कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय का सबसे प्रतिष्ठित आयोजन होता है। इसकी सफलता के लिए प्रत्येक गतिविधि का पूर्वाभ्यास आवश्यक है, जिससे आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरा कार्यक्रम निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न हो सके। रिहर्सल के दौरान सभी अधिष्ठाता,निदेशकगण एवं विभागाध्यक्ष आदि मौजूद रहे।
हरिओम की रिपोर्ट




