*जाजमऊ गंगापुल के एप्रोच मार्ग की मरम्मत शुरू, रात में भारी वाहनों पर रोक*
उन्नाव। कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जाजमऊ के नए गंगापुल के कानपुर छोर पर क्षतिग्रस्त एप्रोच मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। निर्माण कार्य के चलते रात के समय पुल से भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। हालांकि, हल्के चार पहिया और दोपहिया वाहन पहले की तरह संचालित रहेंगे।
एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार पुल के कानपुर छोर पर करीब छह मीटर लंबा एप्रोच मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। सड़क में आई खराबी के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। इसके चलते मरम्मत कार्य शुरू कराया गया है। साइट इंजीनियर आयुष शर्मा ने बताया कि पहले क्षतिग्रस्त हिस्से का बेस हटाया जाएगा, इसके बाद सीसी सड़क का निर्माण और फिर डामरीकरण कराया जाएगा। पूरे कार्य को तीन दिन में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्माण कार्य के मद्देनजर रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक ट्रक, कंटेनर समेत सभी भारी वाहनों का प्रवेश पुल पर प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। शनिवार को डायवर्जन लागू होने के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बनी रही। अधिकारियों ने बताया कि दिन में सामान्य यातायात जारी रहेगा और हल्के वाहनों पर कोई रोक नहीं है। एनएचएआई ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्माण कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद पुल पर यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होने की उम्मीद है।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




