*गंगा की तेज धारा से कटी सड़क, डीएम ने किया निरीक्षण*
उन्नाव। गंगा नदी की मुख्य धारा के कटान से फतेहपुर-84 क्षेत्र के शिवराजपुर-दबौली मार्ग का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क कटने से आवागमन प्रभावित होने पर जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दोपहर करीब 12:30 बजे पहुंचे जिलाधिकारी ने सड़क कटान से प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। उन्होंने उपजिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों, प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति तथा संभावित जोखिमों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कटान रोकने के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना की भी समीक्षा की। इस दौरान बोल्डर डालकर तटबंध मजबूत करने, सड़क को सुरक्षित करने और संभावित प्रभावित परिवारों के लिए राहत शिविरों की व्यवस्था पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड को प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही उपजिलाधिकारी बांगरमऊ को राजस्व टीम के माध्यम से संभावित प्रभावित गांवों का सर्वे कराने और जरूरत पड़ने पर राहत शिविर, पेयजल, भोजन व अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। डीएम ने कहा कि गंगा के जलस्तर और कटान की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रशासन ने लोगों से भी सतर्क रहने और आवश्यक होने पर प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
*पंकज श्रीवास्तव ब्यूरो*




