जिला आर्चरी एसोसिएशन, कानपुर नगर की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न
– कानपुर में तीरंदाजी को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए
कानपुर नगर, जिला आर्चरी एसोसिएशन, कानपुर नगर की एक महत्वपूर्ण बैठक एसोसिएशन के सचिव राजा भरत अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें कानपुर नगर में तीरंदाजी खेल को विकसित करने, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध कराने, नए कोच एवं नए रेफरी तैयार करने तथा संगठन को और अधिक सक्रिय व मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कानपुर नगर में तीरंदाजी खेल के प्रचार-प्रसार के लिए जिला स्तर पर नियमित रैंकिंग टूर्नामेंट, प्रशिक्षण कैंप एवं स्कूल स्तर पर निःशुल्क वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी। जुलाई माह से विभिन्न स्कूलों एवं स्थानों पर एक दिवसीय निःशुल्क आर्चरी वर्कशॉप शुरू करने की योजना बनाई गई है, जिससे अधिक से अधिक बच्चों को तीरंदाजी खेल से जोड़ा जा सके। इसके साथ ही मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को जिला स्तर पर सम्मानित एवं प्रोत्साहित करने, जरूरतमंद खिलाड़ियों को उपकरण सहयोग प्रदान करने तथा क्लब स्तर पर आवश्यक आर्चरी उपकरण उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। खिलाड़ियों के जिला पंजीकरण एवं सदस्यता प्रक्रिया को भी व्यवस्थित करने पर सहमति बनी। संगठन विस्तार के क्रम में सक्रिय सदस्यों को नई जिम्मेदारियां देने का निर्णय लिया गया। बैठक में श्री वैभव गौड़ जी को जिला आर्चरी एसोसिएशन, कानपुर नगर में प्रतियोगिता कराए जाने का दायित्व दिए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अनुभवी एवं प्रशिक्षित कोचों के मार्गदर्शन में प्रोफेशनल ट्रेनिंग कैंप आयोजित किए जाएंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि कानपुर नगर में तीरंदाजी खेल की अपार संभावनाएं हैं। यदि खिलाड़ियों को सही प्रशिक्षण, उचित उपकरण और प्रतियोगिता का नियमित अवसर मिले तो कानपुर से अच्छे खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। बैठक में राजा भरत अवस्थी, संदीप कुमार, मौसमी साहू, वैभव गौड़, धर्मेंद्र अवस्थी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
हरिओम की रिपोर्ट




