*उन्नाव में ऑटो पलटने से मजदूर की मौत, घर लौटते समय हुआ हादसा*
उन्नाव। हसनगंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ऑटो पलटने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा मुस्तफाबाद खड़हरा गांव के बाहर हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान सुरेश (30) पुत्र स्वर्गीय राम भरोसे निवासी मुस्तफाबाद खड़हरा के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में उसकी पत्नी और दो छोटे बेटे हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, सुरेश रोज की तरह मजदूरी का काम खत्म कर ऑटो से घर लौट रहा था। गांव के बाहर पहुंचते ही तेज रफ्तार ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे ऑटो से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची हसनगंज थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक शरद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ऑटो चालक और वाहन से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




