भीषण गर्मी इंसानों के साथ-साथ जंगल के बेजुबान जीवों की भी परीक्षा ले रही है।
लखीमपुर खीरी के दुधवा टाइगर रिजर्व की दक्षिण सोनारीपुर रेंज से सामने आए तीन खूबसूरत नजारे प्रकृति और वन्यजीवों के अनोखे रिश्ते को बयां कर रहे हैं।
कहीं एक ही घाट पर गैंडा और बाघ प्यास बुझाते नजर आए, तो कहीं तपती गर्मी से राहत पाने के लिए जंगली हाथी जलाशय में जल क्रीड़ा करते दिखाई दिए। एक अन्य दृश्य में जंगल का राजा बाघ शांत भाव से जलाशय में अपनी प्यास बुझाता नजर आया।
भीषण गर्मी के इस दौर में दुधवा के जलाशय वन्यजीवों के लिए जीवन का सहारा बने हुए हैं। प्रकृति की गोद में कैद ये दृश्य न सिर्फ रोमांचित करते हैं, बल्कि यह भी याद दिलाते हैं कि जंगल और जल स्रोतों का संरक्षण वन्यजीवों के अस्तित्व के लिए कितना आवश्यक है।




