*उन्नाव में बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की तैयारी तेज, डीएम ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिए सख्त निर्देश*
अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता
उन्नाव। उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों और केंद्र प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों को अच्छी तरह पढ़ लें ताकि किसी प्रकार की कोई भ्रम की स्थिति न रहे।
डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या अनुचित सामग्री केंद्र के अंदर नहीं ले जाई जाएगी। इसके लिए कक्ष निरीक्षकों और सुरक्षा कर्मियों द्वारा सघन चेकिंग कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्यरत रहें। साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और आवश्यकता पड़ने पर महिला पुलिस बल की तैनाती भी की जाए।
डीएम ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बैग जमा करने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र समय से केंद्रों पर पहुंचे और सभी प्रक्रियाएं पूरी कर परीक्षा समय पर शुरू हो।
परीक्षा 31 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक होगी। जनपद में कुल 4 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें अटल बिहारी इंटर कॉलेज, जीजीआईसी सिविल लाइंस उन्नाव, डीएसएन पीजी कॉलेज ब्लॉक-ए व ब्लॉक-बी तथा एवीनगर नगर शामिल हैं। इस परीक्षा में कुल 1550 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह, उपजिलाधिकारी सदर क्षितिज द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




