*कानपुर साइबर ठगी मामले में बड़ी सफलता, 1.27 करोड़ की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर। साइबर क्राइम के एक बड़े मामले में क्राइम ब्रांच और साइबर सेल को अहम सफलता मिली है। अशोक नगर निवासी सरदार मोहकम सिंह के साथ हुई 1 करोड़ 27 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को महाराष्ट्र के पालघर से गिरफ्तार किया है। मामले में दो नाइजीरियन मास्टरमाइंड की तलाश अभी जारी है।
डीसीपी क्राइम श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि 23 अगस्त 2025 को मोहकम सिंह के बैंक खाते से सिम स्वैपिंग के जरिए 1.27 करोड़ रुपये निकाल लिए गए थे। पीड़ित की शिकायत पर साइबर सेल में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने महाराष्ट्र के पालघर से मेराज अंसारी को गिरफ्तार किया। आरोपी वहां सरदार के भेष में रह रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी अरशद अंसारी और अन्य लोगों की मदद से फर्जी बैंक खाते खुलवाता था, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर कराई जाती थी।
डीसीपी क्राइम के अनुसार ठगी की रकम से करीब 54 लाख रुपये का सोना खरीदा गया था। इसमें से 15 तोला सोना अरशद अंसारी को दिया गया, जबकि बाकी सोना चंदू नामक व्यक्ति मुंबई लेकर चला गया। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
पुलिस ने अब तक पीड़ित के करीब 72 लाख रुपये बैंक खातों में फ्रीज कराकर वापस दिलाए हैं। वहीं आरोपी अरशद अंसारी को पहले ही मेरठ से गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
डीसीपी क्राइम ने बताया कि सिम स्वैपिंग और रकम ट्रांसफर के पीछे दो नाइजीरियन नागरिकों की भूमिका सामने आई है, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी मेराज अंसारी को मुंबई से कानपुर लाया जा रहा है।
इस कार्रवाई को साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सतीश यादव, उपनिरीक्षक पुनीत तोमर, मुख्य आरक्षी शरीफ खान, आरक्षी सौरभ पांडेय और नितिन की टीम ने अंजाम दिया।




