*सिद्धनाथ मंदिर में निकली भव्य कलश यात्रा, वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य हुआ रुद्राभिषेक*

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत ज्योतिर्लिंग जनपदीय कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन एवं संस्कृति एवं पर्यटन विभाग उन्नाव के संयुक्त तत्वावधान में हजारीटोला, उन्नाव स्थित प्राचीनतम सिद्धनाथ मंदिर में स्थानीय समुदाय एवं जनभागीदारी के साथ भव्य कलश यात्रा एवं रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आस्था, संस्कृति एवं शिवभक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला।
कलश यात्रा का आयोजन डी.एस.एन. कॉलेज, उन्नाव के छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय महिलाओं द्वारा किया गया। सिर पर कलश धारण किए श्रद्धालु भगवान शिव के जयघोष के साथ आगे बढ़ रहे थे। ढोलक की थाप एवं शिवधुनों पर भक्तगण झूमते-गाते हुए वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता निभाई।
कलश यात्रा के उपरांत सिद्धनाथ मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य जिलाधिकारी उन्नाव श्री घनश्याम मीणा एवं मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज द्वारा विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया। विशेष तौर पर सोमनाथ यात्रा के नोडल अधिकारी डॉ विपिन सिंह द्वारा गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर से लाए गए पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया, जिससे कार्यक्रम का आध्यात्मिक महत्व और भी बढ़ गया। भगवान शिव का दुग्ध, गंगाजल, बेलपत्र एवं पुष्पों से अभिषेक कर जनपद की सुख-समृद्धि एवं प्रदेश की उन्नति की कामना की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीणा ने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना एवं सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं।”
मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज ने कहा कि “जनभागीदारी के साथ आयोजित इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम युवाओं को अपनी परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।”
परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह ने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक जागरूकता और सामाजिक समरसता का भी संदेश देता है।”
डी.एस.एन. कॉलेज, उन्नाव के लेफ्टिनेंट डॉ. विपिन सिंह ने कहा कि “छात्र-छात्राओं में भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। युवाओं की सहभागिता इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता रही।”
कार्यक्रम में मुख्य रूप से एस.डी.एम. क्षितिज द्विवेदी, कैप्टन रविरंजन, विमल द्विवेदी, आशीष निगम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रांतीय विकास दल के जवानों की आकर्षक टोली ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम का सफल संचालन सीनियर अंडर ऑफिसर नैना द्वारा किया गया।




