🔥 चलती स्कूल बस में लगी आग, 30 बच्चों की जान बाल-बाल बची 🔥
डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी
मथुरा: मथुरा-बरेली हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक स्कूल बस में अचानक आग लग गई। हैरानी की बात यह रही कि बस में आग लगने के बावजूद ड्राइवर को इसकी भनक तक नहीं लगी और वह बस को लगातार दौड़ाता रहा।
बस में करीब 30 छात्र-छात्राएं सवार थे, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बन गई थी। इसी दौरान ड्यूटी से लौट रहे मांट थाने में तैनात उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह की नजर जलती हुई बस पर पड़ी। उन्होंने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए बस को रुकवाया।
इसके बाद पुलिसकर्मी और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, सभी बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




