*उन्नाव में जमीन विवाद पर कुल्हाड़ी से हमला, तीन घायल, जिला अस्पताल रेफर, पुलिस जांच में जुटी*
अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता
उन्नाव। मौरावां थाना क्षेत्र के वालिया गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। इस दौरान एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वालिया गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह, महेंद्र और विक्रम पर गांव के ही कुछ लोगों ने हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीन का विवाद चल रहा था। गुरुवार को बिना किसी नई कहासुनी के आरोपियों ने हमला किया है। बता द की हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान धर्मेंद्र सिंह के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया, जिससे उनकी हालत गंभीर है। महेंद्र और विक्रम को भी चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों के बीच-बचाव के बाद हमलावर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में धर्मेंद्र सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर मौरावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पीड़ित पक्ष ने गांव के ही लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट साफ दिख रही है। मौरावां थाना प्रभारी केबी सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।




