*यूपी बोर्ड परीक्षा ट्रिपल लॉक सुरक्षा में शुरू, उन्नाव में 122 केंद्रों पर परीक्षार्थी शामिल होंगे, जोनल मजिस्ट्रेट निगरानी में हो रही परीक्षा*
खबर उन्नाव से है जहां बुधवार से उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं शुरू हो गईं। जिले के 122 केंद्रों पर कुल 71,675 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और वितरण प्रक्रिया ‘ट्रिपल लॉक’ सिस्टम के तहत संचालित की जा रही है। इन परीक्षार्थियों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों वर्गों के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए व्यापक प्रशासनिक अमला तैनात किया गया है। इसमें छह जोनल मजिस्ट्रेट, 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट और सभी 122 केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य केंद्र व्यवस्थापक भी तैनात हैं, जो परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
बता दे कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए ‘ट्रिपल लॉक’ व्यवस्था लागू की गई है। प्रश्नपत्रों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखा गया है, जहां तीन स्तरों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। निर्धारित विषय का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में खोला जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। पूरे जिले की निगरानी के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में एक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस कंट्रोल रूम में एक मुख्य कंप्यूटर को 10 से 12 अन्य कंप्यूटरों से जोड़ा गया है, जिसके माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनियमितता की सूचना पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों की निगरानी केवल जिला स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि लखनऊ और प्रयागराज स्तर से भी ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है। इसका उद्देश्य पूरे प्रदेश में एक समान पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना है। जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त ने बताया कि शासन के निर्देशों का पूर्णतः पालन किया जा रहा है और परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने, आवश्यक दस्तावेज साथ लाने और निर्धारित नियमों का पालन करने की सलाह दी है। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू रहने के साथ पुलिस बल की तैनाती भी की गई है, ताकि शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संपन्न कराई जा सके।
बाइट – विनी सिंह सीओ सिटी उन्नाव।
*पंकज श्रीवास्तव* ब्यूरो
*अस्तित्व कुशवाहा* संवाददाता




