हिन्दुस्तान डबलोथॉन: फिट इंडिया का संदेश, कानपुर में दौड़ और साइक्लिंग का उत्सव

डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर नगर | 14 फरवरी 2026
हिन्दुस्तान द्वारा कानपुर नगर में आयोजित ‘हिन्दुस्तान डबलोथॉन’ के अंतर्गत भव्य दौड़ एवं साइक्लिंग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ किदवई नगर स्थित संजय वन से हुआ, जहां पुलिस आयुक्त श्री रघुबीर लाल ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम, कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा फिट इंडिया अभियान से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न वर्गों—युवा, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, संस्थान और गणमान्य नागरिकों—ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर संदेश दिया गया कि साइक्लिंग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण और सतत परिवहन को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम भी है। प्रतिभागियों में फिटनेस के प्रति खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन हेतु प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए। संबंधित अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल और निर्धारित मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रही और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
हिन्दुस्तान डबलोथॉन ने शहरवासियों को यह संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज की नींव है।




