1500 करोड़ की ठगी: आरोपी रविंद्रनाथ सोनी के खिलाफ पहली चार्जशीट दाखिल, 360 पन्नों में कैद जालसाजी के सबूत
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। करीब 1500 करोड़ रुपये की अंतरराष्ट्रीय ठगी के आरोपी रविंद्रनाथ सोनी के खिलाफ कानपुर पुलिस ने पहली चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। 360 पन्नों की इस चार्जशीट में 35 गवाहों के बयान, सीसीटीवी फुटेज, व्हाट्सएप चैट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजी व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य शामिल किए गए हैं। आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, दिल्ली के मालवीयनगर निवासी रविंद्रनाथ सोनी ने निवेश के नाम पर भारत समेत कई देशों के 700 से अधिक लोगों से लगभग 1500 करोड़ रुपये की ठगी की। बुधवार को दाखिल की गई पहली चार्जशीट में ठगी से जुड़े ठोस साक्ष्य कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किए गए हैं। पुलिस अब आरोपी की कस्टडी रिमांड लेने की तैयारी भी कर रही है।
मामले की शुरुआत परेड स्थित नवाब इब्राहिम हाता निवासी अब्दुल करीम की शिकायत से हुई थी, जिन्होंने कोतवाली थाने में 42.29 लाख रुपये की ठगी की एफआईआर दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की तलाश में सफलता मिली और 10 हजार रुपये के इनामी रविंद्रनाथ सोनी को देहरादून से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा बढ़ा तो दुबई समेत अन्य देशों से जुड़े ठगी के मामलों का भी खुलासा हुआ। कई पीड़ितों ने ई-मेल के जरिए कानपुर पुलिस को शिकायतें भेजीं। इसके बाद पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।
एसआईटी की जांच में एक के बाद एक कई अहम तथ्य सामने आए, जिसके आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कुल 24 एफआईआर दर्ज कीं। इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद पांडेय ने बताया कि चार्जशीट में कागजी दस्तावेजों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी शामिल किए गए हैं, जिससे आरोपी के खिलाफ मजबूत केस तैयार किया गया है।




