Unnao Road Accident: एक्सप्रेसवे पर एक-दूसरे में घुसे आठ वाहन, बस–ट्रक के उड़े परखच्चे; 13 लोग गंभीर घायल
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
उन्नाव। आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया। बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के जोगिकोट गांव के पास एक के बाद एक आठ वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में बस और ट्रक समेत कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह लखनऊ की ओर जाने वाली लेन पर सबसे पहले एक डंपर और ट्रक की आपस में भिड़ंत हो गई। इसके बाद पीछे से आ रहे अन्य वाहन भी एक-दूसरे में घुसते चले गए। इसी दौरान एक ट्रेलर में सवारियों से भरी बस पीछे से टकरा गई और उसी में फंस गई। इसके बाद एक कार भी बस से जा भिड़ी, जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर यूपीडा की रेस्क्यू टीम, बांगरमऊ और बेहटामुजावर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया जा सका।
रेस्क्यू के दौरान पांच एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीओ संतोष सिंह ने बताया कि घने कोहरे के चलते दृश्यता कम थी, जिस कारण वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में अलग-अलग वाहनों के कुल 13 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
हादसे में घायल
घायलों में सुल्तानपुर जिले के राजेंद्र नगर निवासी रत्नेश चौरसिया (20) पुत्र विश्वनाथ, हरियाणा के हिसार निवासी लीला (27) पुत्र जयपाल, बिहार के बेगूसराय निवासी रितेश (25) और उनके भाई विक्रम (28) पुत्र गोविंद, अमेठी के निमियापुर निवासी रेनू यादव (37) पत्नी रामशरण, प्रमिला (38) पत्नी शंकर, सोनिया (30) पुत्री राजाराम यादव, प्रमोद (35) पुत्र राजाराम यादव, महाराजगंज जिले के किशनपुर मितौली निवासी दीपू (22) पुत्र मोहन जायसवाल, उनकी मां लक्ष्मीना (60), खेमरियाकला विंध्याचल निवासी नीतिश मिश्रा (35) पुत्र रामजी, इटावा जिले के मलायन बढ़पुर निवासी विवेक (26) पुत्र श्रीराम और शिवम (26) पुत्र राकेश शामिल हैं।




