*उन्नाव में ई-रिक्शा की बैटरी चोरी,दुकान के बाहर खड़े वाहन को बनाया निशाना, पुलिस जांच में जुटी*

उन्नाव सदर कोतवाली क्षेत्र में एक ई-रिक्शा से बैटरी चोरी हो गई। यह घटना मंगलवार तड़के मगरवारा बाजार के पास जयसवाल हार्डवेयर की दुकान के बाहर हुई। अज्ञात चोर करीब साढ़े तीन बजे खड़े ई-रिक्शा से बैटरी चुरा ले गए।
पीड़ित की पहचान प्रदीप कुमार जायसवाल, पुत्र स्वर्गीय अंबिका प्रसाद जायसवाल के रूप में हुई है। प्रदीप ने बताया कि उन्होंने प्रतिदिन की तरह अपना ई-रिक्शा दुकान के बाहर खड़ा किया था। सुबह जब वे पहुंचे, तो ई-रिक्शा से बैटरी गायब मिली।
आसपास तलाश करने के बाद कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने मगरवारा चौकी पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर चोरी हुई बैटरी की बरामदगी और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ई-रिक्शा ही उनकी आजीविका का साधन है और बैटरी चोरी होने से उनका काम पूरी तरह ठप हो गया है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




