कानपुर: तलाक महल में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, आठ लोग सुरक्षित निकाले गए
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। बेकनगंज थाना क्षेत्र के घनी आबादी वाले तलाक महल लाल कुआं चौराहे पर शनिवार सुबह शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। दो मंजिला जर्जर इमारत के भूतल पर स्थित तीन दुकानों में आग भड़क उठी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
तलाक महल लाल कुआं चौराहे पर रहमानी मार्केट के बगल में मो. शमीम की दशकों पुरानी दो मंजिला बिल्डिंग है। इसके भूतल पर मो. जाहिद और मो. अकील की लतीफ स्वीट हाउस तथा बगल में मो. दिलशाद की बिरयानी शॉप संचालित है। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे मिठाई की दुकान से धुआं उठता देख स्थानीय निवासी अयाज ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही लाटूश रोड, फजलगंज और कर्नलगंज फायर स्टेशन से दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि दमकलकर्मियों ने सड़क खाली कराकर दुकानों पर पानी डालना शुरू किया, लेकिन आग की लपटें पहली मंजिल तक पहुंच गईं। पहली मंजिल पर मौजूद मकान मालिक, चार किरायेदार और एक अन्य व्यक्ति के साथ-साथ बिरयानी की दुकान में सो रहे दो कर्मचारी धुएं में फंस गए।
दमकलकर्मियों ने खिड़की तोड़कर कुल आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि दुकानदारों ने लाखों रुपये के नुकसान की बात कही है।
फटते सिलिंडर बन सकते थे बड़ी त्रासदी
घटना के दौरान दमकलकर्मियों ने मिठाई की दुकानों से पांच भरे गैस सिलिंडर एक-एक कर बाहर निकलवाए। अधिकारियों के अनुसार, यदि आग सिलिंडरों तक पहुंच जाती तो घनी आबादी वाले इलाके में बड़ा हादसा हो सकता था। आग की लपटें देखकर लोग दहशत में आ गए और एहतियातन बिजली विभाग से सप्लाई कटवाई गई। बिल्डिंग के पास ही रखा ट्रांसफार्मर भी आग की चपेट में आने की आशंका में था, लेकिन समय रहते आग को फैलने से रोक लिया गया।




