कानपुर मेट्रो को बड़ी सफलता: सेंट्रल से स्वदेशी कॉटन मिल तक अंडरग्राउंड अप-लाइन ट्रैक तैयार, जल्द IIT–नौबस्ता ट्रायल
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर।उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने शनिवार को कानपुर मेट्रो परियोजना में एक अहम उपलब्धि हासिल की। कानपुर सेंट्रल से स्वदेशी कॉटन मिल रैंप तक करीब तीन किलोमीटर लंबे अंडरग्राउंड सेक्शन की अप-लाइन सुरंग में ट्रैक निर्माण का कार्य पूरा कर लिया गया है।
इसके साथ ही लगभग 24 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-1 पर आईआईटी से नौबस्ता तक मेट्रो ट्रेन संचालन का रास्ता साफ हो गया है। यूपीएमआरसी ने अगले चार से पांच दिनों में कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक अप-लाइन पर ट्रायल रन शुरू करने की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।
कॉरिडोर-1 की स्थिति
कॉरिडोर-1 के शेष हिस्से में कुल सात स्टेशन शामिल हैं, जिनमें तीन किलोमीटर का सेक्शन भूमिगत और 5.30 किलोमीटर एलिवेटेड है। बारादेवी से नौबस्ता तक एलिवेटेड सेक्शन में दोनों लाइनों पर ट्रैक, थर्ड रेल और सिग्नलिंग सिस्टम का काम पहले ही पूरा किया जा चुका है। अब अंडरग्राउंड सुरंग में भी अप-लाइन का ट्रैक तैयार हो गया है।
यूपीएमआरसी एमडी का बयान
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इसे मेट्रो परियोजना की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो सेवाएं शुरू होने के बाद अब लक्ष्य कॉरिडोर-1 को उसके अंतिम स्टेशन नौबस्ता तक पहुंचाना है।
अन्य कार्य अंतिम चरण में
इस सेक्शन के कुछ हिस्सों में सिग्नलिंग, टेलिकॉम और इलेक्ट्रिकल सिस्टम का कार्य अंतिम चरण में है। फिलहाल 24 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-1 में से 16 किलोमीटर तक मेट्रो ट्रेन का संचालन हो रहा है।
वहीं, कॉरिडोर-2 (सीएसए–बर्रा-8) का सिविल निर्माण कार्य भी तेज गति से जारी है। आने वाले समय में कानपुर को मेट्रो नेटवर्क का और विस्तार मिलने की उम्मीद है।




