*गंगाघाट में बंद घर से लाखों के जेवर चोरी,चोरों ने नकदी भी चुराई, पुलिस जांच में जुटी*
उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के पिंडोखा गांव में एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। अज्ञात चोरों ने घर से सोने-चांदी के जेवरात और भारी मात्रा में नकदी चुरा ली। यह घटना 17 जनवरी 2026 की रात को हुई, जब घर के मालिक बाहर थे।
पीड़िता राजदुलारी पत्नी जगदीश पासी ने बताया कि चोर पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे। उन्होंने अलमारियों और बक्सों को तोड़कर सामान बिखेर दिया और चोरी को अंजाम दिया।
राजदुलारी उस समय अपने दूसरे घर पर थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर गए हुए थे। अगले दिन सुबह जब वह घर लौटीं, तो उन्होंने दरवाजा टूटा हुआ पाया और घर के अंदर सामान बिखरा हुआ देखकर चोरी का पता चला।
चोरी हुए सामान में राजदुलारी, उनकी देवरानी और सास के सोने-चांदी के जेवरात शामिल हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इसके अतिरिक्त, चोर 65 हजार रुपये नकद भी ले गए।
पीड़िता ने 18 जनवरी को गंगाघाट थाने में चोरी की सूचना दी, जिसके बाद पीड़ित परिवार सदमे में है। उन्होंने प्रशासन से जल्द एफआईआर दर्ज कर चोरों की गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में ले कर जांच शुरू कर दी है।।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




