17 साल पुराने हत्याकांड में चार दोषियों को आजीवन सश्रम कारावास
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानून की लंबी लेकिन मजबूत पकड़ आखिरकार रंग लाई। थाना जसवंतनगर क्षेत्र में महिला की निर्मम हत्या कर लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले चार अभियुक्तों को मा० न्यायालय एडीजे-12/डकैती कोर्ट, इटावा ने आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने प्रत्येक दोषी पर 19,000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। यह महत्वपूर्ण फैसला 29 जनवरी 2026 को सुनाया गया।
यह मामला थाना जसवंतनगर क्षेत्र का है, जहां अभियुक्तों ने वादी की मौसी मीरा देवी की हत्या कर उनके घर से लाइसेंसी राइफल सहित अन्य कीमती सामान लूट लिया था। घटना के संबंध में दिनांक 13 दिसंबर 2009 को थाना जसवंतनगर पर मु0अ0सं0-475/2009, धारा 302/394/411 भादवि के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इस प्रकरण की निरंतर मॉनिटरिंग की गई। थाना जसवंतनगर पुलिस, मॉनिटरिंग सेल एवं अभियोजन टीम ने प्रत्येक सुनवाई पर पैनी नजर रखते हुए साक्ष्यों को सुदृढ़ किया।
मामले की विवेचना तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक द्वारा की गई, जिसमें घटनास्थल से जुड़े अहम साक्ष्य संकलित कर आरोपियों के विरुद्ध ठोस आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया गया। सुनवाई के दौरान पैरोकार कांस्टेबल पिंटू कुमार, मॉनिटरिंग टीम तथा एडीजीसी कौशलेन्द्र सिंह तोमर द्वारा गवाहों को समय पर न्यायालय में प्रस्तुत कर प्रभावी और कठोर पैरवी की गई। अभियोजन के साक्ष्य एवं गवाहों के बयान न्यायालय में निर्णायक सिद्ध हुए।
न्यायालय ने सभी तथ्यों, साक्ष्यों एवं परिस्थितिजन्य प्रमाणों के आधार पर चारों अभियुक्तों को धारा 302/394/411 भादवि के अंतर्गत दोषी ठहराते हुए आजीवन सश्रम कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया।
सजायाफ्ता अपराधी:
दीपा उर्फ दीपू उर्फ दीपक पुत्र समरथ सिंह, निवासी मोहल्ला होमगंज तालाब मंडी, जसवंतनगर
राजेन्द्र उर्फ सीटू पुत्र राधेश्याम, निवासी लोहा मंडी, जसवंतनगर
महावीर उर्फ राहुल पुत्र चुन्नीलाल, निवासी कटरा खूबचंद्र, जसवंतनगर
सचिन वर्मा पुत्र रघुवीर सिंह, निवासी कटरा खूबचंद्र, जसवंतनगर
इटावा पुलिस की यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि अपराध चाहे कितना भी पुराना क्यों न हो, अपराधी कानून की पकड़ से नहीं बच सकते। यह फैसला पीड़ित परिवार के लिए न्याय की जीत और समाज के लिए कानून पर विश्वास की मजबूत मिसाल है।




