कानपुर में ई-रिक्शा और ई-ऑटो जोन सिस्टम लागू, 10 फरवरी से बदलेगा संचालन
बिना क्यूआर कोड या गलत जोन में चलाने पर सख्त कार्रवाई
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस 10 फरवरी से ई-रिक्शा और ई-ऑटो के लिए नई जोन व्यवस्था लागू करने जा रही है। इसके तहत शहर को थाना स्तर पर सात अलग-अलग जोन में बांटा जाएगा। ई-रिक्शा और ई-ऑटो अब केवल अपने निर्धारित गृह जोन में ही संचालित हो सकेंगे।
शहर में वर्तमान में लगभग 65 हजार ई-रिक्शा और ई-ऑटो संचालित हो रहे हैं, जिनमें से केवल 22 हजार वाहन ही फिट पाए गए हैं। नई व्यवस्था के तहत पांच जरूरी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद वाहन मालिकों को निशुल्क रंगीन क्यूआर कोड जारी किया जाएगा। बिना क्यूआर कोड या गलत जोन में वाहन चलाने पर चालान, सीज समेत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जोन के अनुसार अलग-अलग रंग के क्यूआर कोड
यातायात विभाग के अनुसार, हर जोन के लिए अलग रंग का क्यूआर कोड होगा। इससे मौके पर ही यह पता चल सकेगा कि वाहन सही जोन में चल रहा है या नहीं। पुराना क्यूआर कोड रखने वाले वाहन मालिकों को भी नया क्यूआर कोड लेना अनिवार्य होगा।
स्थानीय जोन में संचालन से होंगे फायदे
यातायात अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय जोन में संचालन से चालकों को अपने क्षेत्र की सड़कों और सवारियों की बेहतर जानकारी होगी। इससे अनावश्यक भीड़ कम होगी और जरूरत के अनुसार किसी क्षेत्र में ई-रिक्शा की संख्या घटाई या बढ़ाई जा सकेगी।
यात्रियों से अपील: बैठने से पहले क्यूआर स्कैन करें
अधिकारियों के अनुसार, ई-रिक्शा में सवारी के दौरान अभद्रता या सामान गुम होने की शिकायतें आती रहती हैं। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वाहन में बैठने से पहले क्यूआर कोड स्कैन कर लें, जिससे वाहन और चालक से जुड़ी पूरी जानकारी सुरक्षित रहे।
मुफ्त मिलेगा क्यूआर कोड
ट्रैफिक कार्यालय से 10 फरवरी तक सभी पात्र वाहन मालिकों को क्यूआर कोड निशुल्क दिए जाएंगे। इसके लिए निम्न दस्तावेज जरूरी होंगे—
वाहन का रजिस्ट्रेशन
बीमा प्रमाण पत्र
आधार कार्ड
ड्राइविंग लाइसेंस
फिटनेस प्रमाण पत्र
“10 फरवरी तक सभी वाहन मालिक क्यूआर कोड प्राप्त कर लें। इसके बाद निर्धारित जोन के बाहर वाहन मिलने पर चालान और सीज की कार्रवाई की जाएगी।”
— राजेश पांडेय, एडीसीपी ट्रैफिक
इसे भी जानें (1 दिसंबर 2025 तक के आंकड़े)
शहर में कुल रजिस्टर्ड वाहन: 19,17,168
दो पहिया वाहन: 14,01,986
कार/जीप: 3,00,592
गुड्स कैरियर (चार पहिया): 42,181
गुड्स कैरियर (तीन पहिया): 6,655
ई-रिक्शा (ट्रॉली सहित): 5,028
ई-रिक्शा पैसेंजर: 48,465
ई-ऑटो (सफेद-नीला): 15,522
विक्रम सीएनजी: 918
ऑटो सीएनजी: 5,831
मैक्सी कैब (एप आधारित): 1,169
मोटर कैब (एप आधारित): 5,495




