*प्रेम प्रसंग, धमकी से आहत युवक ने की आत्महत्या, उन्नाव में परिजन ने प्रेमिका के पिता 12 लाख रुपए मांगने का आरोप लगाया*
– ख़बर उन्नाव से है जहां उन्नाव में कथित प्रेम प्रसंग, धमकी और पैसों की मांग से आहत होकर एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कोतवाली सदर थाना क्षेत्र के अकरमपुर निवासी 23 वर्षीय ललित कश्यप के रूप में हुई है। परिजनों ने प्रेमिका के पिता पर उत्पीड़न और 12 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, ललित वर्ष 2023 से मगरवारा निवासी एक युवती के संपर्क में था और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। इसी बात से नाराज होकर युवती के पिता ने ललित के खिलाफ कथित तौर पर साजिश रचनी शुरू कर दी। आरोप है कि युवती के पिता ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए ललित को थाने में बंद करा दिया, जहां उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। बताया गया कि थाने में दोनों पक्षों के बीच एक समझौता कराया गया, जिसके बाद ललित को छोड़ा गया। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि समझौते के बाद भी उत्पीड़न खत्म नहीं हुआ।
बता दे कि युवती के पिता ने कथित तौर पर ललित को रास्ते में रोककर धमकाया और उस पर 12 लाख रुपये देने का दबाव बनाया। रकम न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस लगातार मानसिक दबाव और भय से ललित पूरी तरह टूट गया था। परिजनों ने बताया कि वह कई दिनों से परेशान था, चुप-चुप रहने लगा था और किसी से खुलकर बात नहीं कर पा रहा था प्रताड़ना से आहत होकर ललित ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बता दे की ललित अपने परिवार का इकलौता बेटा और दो बहनों का अकेला भाई था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं बहनों का सहारा छिन गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई की होती तो आज ललित जिंदा होता। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
बाइट – शशि कांट मृतक के मामा।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




