कानपुर सेंट्रल: जीआरपी जवानों के लिए 40 लाख की हाईटेक बैरक तैयार
एडीजी रेलवे ने किया लोकार्पण, कुंभ ड्यूटी वाले सिपाही सम्मानित
डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी
कानपुर। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर जीआरपी जवानों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 40 लाख रुपये की लागत से बनी नई हाईटेक बैरक का बुधवार को लोकार्पण किया गया। बैरक का उद्घाटन एडीजी रेलवे प्रकाश डी ने किया। इस मौके पर कुंभ मेले में ड्यूटी करने वाले करीब 46 सिपाहियों को भी सम्मानित किया गया।
जीआरपी की यह नई बैरक कानपुर सेंट्रल स्टेशन के कैंट साइड पर गेट नंबर-एक के सामने बनाई गई है। प्री-फैब्रिकेटेड तकनीक से निर्मित यह बैरक भूकंपरोधी है और जवानों को हर मौसम में सुरक्षित व आरामदायक विश्राम की सुविधा प्रदान करेगी।
बताया गया कि बैरक को इस तरह डिजाइन किया गया है कि सर्दी और गर्मी का प्रभाव अंदर नहीं पड़े। इसका निर्माण उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम द्वारा 40 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। प्री-फैब्रिकेटेड बैरक का निर्माण स्टील फ्रेम, कंक्रीट, फाइबर और सीमेंट बोर्ड से किया गया है, जिससे यह टिकाऊ और सुरक्षित है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान एडीजी रेलवे ने जवानों की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलने से ड्यूटी के दौरान उनका मनोबल और कार्यक्षमता दोनों बढ़ती हैं।
इस अवसर पर जीआरपी एसपी प्रशांत वर्मा, सीओ दुष्यंत सिंह, सेंट्रल स्टेशन जीआरपी प्रभारी ओम नारायण सिंह, स्टेशन निरीक्षक अवधेश द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।




