तीर्थ स्थान पर कमरा बुक कराने के नाम पर 1.32 लाख की ठगी, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। ऑनलाइन कमरा बुक कराने के नाम पर साइबर ठगों द्वारा 1.32 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। किदवई नगर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग को तीर्थ यात्रा के दौरान ठगी का शिकार बनाया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जूही बारादेवी निवासी विनायक त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि नवंबर माह में वह अपनी पत्नी के साथ महाराष्ट्र स्थित पंढरपुर में दर्शन के लिए जाना चाहते थे। इसके लिए उन्हें संत गजानन महाराज भक्त निवास में कमरा बुक कराना था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल कर स्वयं को भक्त निवास से जुड़ा कर्मचारी बताते हुए संपर्क किया।
आरोपी ने मोबाइल पर लिंक और चार्ट भेजने के बाद क्यूआर कोड भेजा और एक रुपये भेजकर टेस्टिंग करने को कहा। भरोसा दिलाने के बाद आरोपी ने अगले दो दिनों में उनके खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1.32 लाख रुपये निकाल लिए।
किदवई नगर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 94 हजार रुपये की राशि होल्ड करा दी गई है, जबकि शेष रकम आरोपी निकाल चुके हैं। पुलिस साइबर टीम की मदद से आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।




