“ *साईं राम” के जयकारों से गूंजा उन्नाव, मकर संक्रांति पर निकली भव्य शोभायात्रा।*
ख़बर उन्नाव से है जहां मकर संक्रांति के पावन पर्व पर उन्नाव नगर में 15वीं भव्य श्री साईं शोभायात्रा का भव्य आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा साईं मंदिर के संस्थापक सुरेंद्र वर्मा बाबा के नेतृत्व में निकाली गई, जिसमें साईं भक्तों का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। शोभायात्रा में साईं बाबा के सुसज्जित रथ के साथ श्रद्धालु “साईं राम” के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भजन-कीर्तन और भक्तिमय माहौल ने पूरे नगर को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा, आरती और माल्यार्पण कर श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर संत-महात्माओं की उपस्थिति से वातावरण और भी भक्तिमय हो गया। वहीं व्यापारियों, समाजसेवियों एवं राजनीतिक हस्तियों ने भी शोभायात्रा में शामिल होकर साईं बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से नगर भ्रमण करते हुए अंत में साईं मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। आयोजन को सफल बनाने में साईं मंदिर समिति सहित सैकड़ों स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




