**32 जगहों पर बिक रहे नशीले पदार्थ, 14 क्षेत्रों में अतिक्रमण
थानेदारों को सख्त कार्रवाई के निर्देश**
डिस्ट्रिक हेड: राहुल द्विवेदी
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा चलाए गए ऑपरेशन 500 के तहत नशीले पदार्थों की बिक्री, अतिक्रमण और अपराध से जुड़ी गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। अभियान के दौरान कुल 156 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 130 का निस्तारण किया जा चुका है।
जांच में सामने आया कि शहर के 32 स्थानों पर खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है, जिसमें महिलाएं, पुरुष और शातिर तस्कर शामिल हैं। पुलिस ने अब तक इस मामले में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य संदिग्धों पर कार्रवाई जारी है।
इसके साथ ही शहर के प्रमुख बाजारों और मुख्य मार्गों सहित 14 क्षेत्रों में अतिक्रमण की गंभीर समस्या पाई गई है। अतिक्रमण के कारण कई इलाकों में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। इस पर थानेदारों को विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध विनोद कुमार सिंह ने बताया कि ऑपरेशन 500 की शुरुआत 11 दिसंबर को की गई थी, जिसके लिए एक अलग व्हाट्सएप नंबर जारी किया गया था। इस अभियान के तहत 500 घंटे तक आम जनता से शिकायतें प्राप्त की गईं। नशीले पदार्थों की तस्करी, दलालों, भ्रष्टाचार और अपराध में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इन क्षेत्रों से मिली नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें
किदवईनगर, बाबूपुरवा, काकादेव, पनकी, कल्याणपुर, सचेंडी, चमनगंज, बेकनगंज, मूलगंज, बर्रा, गोविंदनगर, बिल्हौर, घाटमपुर।
अतिक्रमण के कारण जाम से जूझ रहे क्षेत्र
पी रोड, बजरिया, कल्याणपुर–पनकी रोड, गुमटी नंबर 5, गोविंदनगर, किदवईनगर, कर्रही रोड, स्वरूपनगर, चकेरी, श्यामनगर, रावतपुर आदि।
📺 टाइम्स एंड स्पेस चैनल में
जुड़ने या विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
📞 8127316965




