महिला सिपाही से लूट का आरोपी हाफ एनकाउंटर के डर से पुलिस के सामने सरेंडर, पैदल जुलूस निकाला
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। सीसामऊ इलाके में महिला सिपाही का पर्स लूटने के मामले में वांछित चल रहे लुटेरे शयान रजा उर्फ शयान मिर्जा ने हाफ एनकाउंटर के डर से पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। सरेंडर के दौरान आरोपी के परिवार की महिलाओं ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी का पैदल जुलूस निकालते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। डीसीपी सेंट्रल के अनुसार, महिला थाने में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर पिंकी पाल चमनगंज थाने में बने सरकारी आवास में रहती हैं। 28 दिसंबर की सुबह करीब सात बजे वह नाइट ड्यूटी के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान सीसामऊ स्थित प्रेमनगर प्राइमरी विद्यालय के पास स्कूटी सवार दो युवकों ने उनका पर्स लूट लिया, जिसमें मोबाइल फोन, 10 हजार रुपये नकद और अन्य सामान मौजूद था।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कंघी मोहाल निवासी मारूफ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूछताछ में मारूफ ने अपने साथी बेकनगंज निवासी शयान रजा उर्फ शयान मिर्जा के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
मारूफ के जेल जाने के बाद शयान रजा फतेहपुर फरार हो गया था और कोर्ट में सरेंडर करने की फिराक में था। इसी बीच पुलिस उसकी तलाश में फतेहपुर पहुंच गई। पुलिस टीम की मौजूदगी और संभावित हाफ एनकाउंटर की आशंका से घबराकर आरोपी कार से भाग निकला। पुलिस ने कार को पकड़ लिया, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया।
कुछ देर बाद आरोपी ने अपने घर की महिलाओं से वीडियो बनवाते हुए वहां पहुंची पुलिस टीम के सामने खुद को सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




