17 लाख की धोखाधड़ी में कंपनी मालिक व निदेशकों समेत 10 पर एफआईआर
डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी
कानपुर। महिला कारोबारी को कंफेक्शनरी कंपनी का सीएंडएफ (कैरी एंड फॉरवर्डिंग) बनाने का झांसा देकर 17 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। बर्रा आठ निवासी महिला की शिकायत पर इंदौर स्थित कंपनी के मालिक, निदेशकों समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ गुजैनी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बर्रा आठ निवासी पंकज तिवारी की पत्नी गौरी तिवारी, जो एक फर्म की प्रोपराइटर हैं, ने पुलिस को बताया कि इंदौर की कंफेक्शनरी कंपनी के पदाधिकारियों ने उन्हें सीएंडएफ बनाने का प्रस्ताव दिया था। इसके लिए उनसे करीब 25 लाख रुपये का निवेश कराया गया। आरोप है कि कंपनी की ओर से यह भरोसा दिलाया गया था कि यदि कोई माल खराब निकलता है तो कंपनी उसे वापस ले लेगी।
महिला कारोबारी के अनुसार कंपनी द्वारा भेजे गए माल में से करीब 17 लाख रुपये का माल खराब निकला। इसकी शिकायत करने पर आरोपियों ने माल वापस लेने और सात दिनों के भीतर रकम लौटाने का आश्वासन दिया। पीड़िता ने खराब माल कंपनी को वापस भी कर दिया, लेकिन इसके बावजूद रकम नहीं लौटाई गई। रुपये मांगने पर आरोप है कि आरोपी उन्हें धमकाने लगे।
रिपोर्ट में जिन लोगों को नामजद किया गया है, उनमें कंपनी के सीईओ आदित्य चक्रवर्ती, उनकी पत्नी सुतापा, बेटी, रिश्तेदार विष्णु, तथा निदेशक राजेंद्र वर्मा, बंटा रवि कुमार, एम. रामू, पवन कुमार और पीयूष आहूजा शामिल हैं।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि उक्त आरोपियों के खिलाफ पंजाब और राजस्थान में भी इसी तरह की धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
इस संबंध में गुजैनी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।




