शाम होते ही 6.5 डिग्री लुढ़का पारा, हाईवे पर जीरो विजिबिलिटी का खतरा
मौसम विभाग का यलो अलर्ट, 48 घंटे घना कोहरा और कड़ाके की ठंड
डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी
कानपुर। शहर में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को दिन ढलते ही तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। शाम सात बजे तक पारा 6.5 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 10 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके चलते कानपुर में शीत दिवस घोषित कर दिया गया।
मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन शाम होते ही मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। उत्तर-पश्चिमी हवाओं की रफ्तार दिन में करीब 6 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जो शाम होते-होते और तेज हो गई, जिससे ठंड और ज्यादा चुभने लगी।
रात में कोहरे का असर इतना बढ़ गया कि रात 10 बजे तक दृश्यता 20 मीटर तक सिमट गई। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि देर रात और तड़के हाईवे पर दृश्यता शून्य तक पहुंच सकती है, जिससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर मंडल सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों तक घना कोहरा और कड़ाके की ठंड बनी रहेगी। कोहरे का असर सुबह करीब 7 बजे तक रहने की संभावना है। अचानक मौसम खराब होने की आशंका को देखते हुए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में आज यलो अलर्ट
कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, लखनऊ, अयोध्या, सुल्तानपुर।
प्रदेश के पांच सबसे ठंडे शहर
इटावा – 2.6 डिग्री
गोरखपुर – 4.5 डिग्री
कानपुर नगर – 4.6 डिग्री
चुर्क – 5.2 डिग्री
आजमगढ़ – 5.2 डिग्री
मौसम विभाग ने वाहन चालकों को कोहरे में सतर्कता बरतने, हाईवे पर अनावश्यक यात्रा से बचने और फॉग लाइट का प्रयोग करने की सलाह दी




