तीन करोड़ की दो और लग्जरी कारें सीज
दिल्ली से लैंड रोवर डिफेंडर व बीएमडब्ल्यू जब्त
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कैमरामैन। आदित्य वर्मा
उन्नाव/दिल्ली।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और हवाला के जरिए दुबई में निवेश के मामले में यूट्यूबर व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग द्विवेदी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। ईडी ने एक जनवरी 2026 को दिल्ली स्थित उसके आवास से करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य की दो लग्जरी कारें जब्त की हैं। इनमें एक लैंड रोवर डिफेंडर और एक बीएमडब्ल्यू Z4 शामिल है।
इससे पहले 17 दिसंबर को ईडी ने अनुराग द्विवेदी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्नाव जिले के नवाबगंज ब्लॉक स्थित खजूर गांव में उसके पैतृक मकान सहित नवाबगंज कस्बा, लखनऊ और दिल्ली में कुल दस ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। उस दौरान ईडी ने उन्नाव और लखनऊ से करीब 20 करोड़ रुपये मूल्य की चार लग्जरी कारें, आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और 20 लाख रुपये नकद जब्त किए थे।
ईडी के अनुसार, बरामद दस्तावेजों से यह भी खुलासा हुआ है कि अनुराग द्विवेदी ने हवाला चैनलों के माध्यम से दुबई में रियल एस्टेट में बड़ा निवेश किया है। इसके साथ ही उन्नाव और लखनऊ में उसकी करीब तीन करोड़ रुपये की संपत्तियां भी फ्रीज की जा चुकी हैं।
लगातार हो रही ईडी की कार्रवाई से नवाबगंज निवासी उसका परिवार गहरी परेशानी में है।
इस तरह ईडी तक पहुंचा मामला
ईडी ने यह जांच पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर शुरू की थी, जो अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के संचालन से जुड़ी थी। जांच में सामने आया कि सोनू कुमार ठाकुर और विशाल भारद्वाज नामक अभियुक्तों द्वारा सिलीगुड़ी से हवाला खातों और डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर ऑनलाइन सट्टेबाजी पैनल चलाया जा रहा था।
समन के बावजूद नहीं हुआ पेश
ईडी की जांच में यह भी पाया गया कि अनुराग द्विवेदी सक्रिय रूप से अवैध सट्टेबाजी प्लेटफार्मों का प्रचार करता था और हवाला चैनलों व डमी खातों के जरिए अपराध की कमाई को विदेश भेजता था। इन पैसों से उसने दुबई में अचल संपत्तियां खरीदीं। जांच एजेंसी के मुताबिक, अनुराग भारत छोड़कर दुबई में रह रहा है और ईडी द्वारा भेजे गए कई समनों के बावजूद अब तक पेश नहीं हुआ




