फ्रेंचाइजी के नाम पर 40 लाख की ठगी, रकम मांगने पर दुष्कर्म में फंसाने की धमकी
किदवईनगर थाने में दंपती के खिलाफ एफआईआर, जांच में जुटी पुलिस
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर निवेश कराकर 40 लाख रुपये हड़पने और पैसे वापस मांगने पर दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर किदवईनगर थाना पुलिस ने एक दंपती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किदवईनगर थाना क्षेत्र के साकेतनगर निवासी कारोबारी शुभम जेटली की पत्नी साक्षी शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके पति की अक्तूबर 2024 में अहिरवां के सदानंदनगर निवासी पंकज पांडेय से मुलाकात हुई थी। इसके बाद पंकज अपनी पत्नी अपूर्वी निगम के साथ उनके घर आने-जाने लगा।
आरोप है कि पंकज ने खुद को एंजेल वन कंपनी में मैनेजर बताते हुए 1.50 लाख रुपये में फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा दिया। उसके भरोसे में आकर पीड़ित परिवार ने पति के नाम पर फ्रेंचाइजी ली।
नवंबर 2024 में शुभम जेटली के खाते से च्वाइस इक्विटी ब्रोकिंग प्राइवेट लिमिटेड में पांच लाख रुपये जमा कराए गए। इसके अलावा साक्षी शर्मा ने स्वयं के खाते से एंजेल वन में भी करीब पांच लाख रुपये निवेश किए। शुरुआत में कुछ मुनाफा भी मिला, जिससे विश्वास और गहरा हो गया।
इसके बाद पंकज पांडेय ने ज्यादा लाभ का लालच देकर 20 लाख रुपये और निवेश कराया। आरोप है कि दिसंबर 2024 तक पति-पत्नी के खातों से कुल 40 लाख रुपये निवेश करवा लिए गए, लेकिन कुछ समय बाद मुनाफा आना बंद हो गया।
जब पीड़ितों ने रकम वापस मांगी तो दंपती ने टालमटोल शुरू कर दी। आरोप है कि दबाव बनाने पर आरोपी ने शुभम जेटली को अपनी पत्नी से दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस से शिकायत की गई, जिस पर आरोपियों ने चेक देकर पैसा लौटाने का आश्वासन भी दिया, लेकिन रकम वापस नहीं की।
मामला ऑपरेशन महाकाल तक भी पहुंचा। किदवईनगर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र राम ने बताया कि दंपती के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।




