फेसबुक लिंक पर 99 रुपये का भुगतान पड़ा भारी, खाते से उड़ गए 6.50 लाख
कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज, साइबर सेल कर रही जांच
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। फेसबुक पर आए एक संदिग्ध लिंक पर 99 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करना एक परिवार को भारी पड़ गया। लिंक पर क्लिक करने के बाद साइबर ठगों ने पीड़ित के बैंक खाते से अलग–अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 6.50 लाख रुपये निकाल लिए। मामले में कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कल्याणपुर के महाबलीपुरम निवासी शरद कुमार शुक्ला, जो बीएनडी कॉलेज से प्रयोगशाला सहायक पद से सेवानिवृत्त हैं, ने पुलिस को बताया कि 13 सितंबर से 24 सितंबर 2025 के बीच उनके खाते से लगातार अनधिकृत ऑनलाइन डेबिट ट्रांजेक्शन किए गए।
पीड़ित के अनुसार, 13 सितंबर को उनके छोटे बेटे वेदांश शुक्ला ने अनजाने में फेसबुक पर आए एक लिंक पर क्लिक कर 99 रुपये का भुगतान कर दिया था। इसके बाद खाते से बड़ी रकम निकलती रही, लेकिन इस दौरान कोई एसएमएस अलर्ट या अन्य सूचना भी नहीं मिली, जिससे ठगी का पता देर से चला।
कुछ दिनों बाद बैंक खाते की जांच करने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद पीड़ित ने साइबर सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल की प्राथमिक जांच के आधार पर करीब तीन महीने बाद कल्याणपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
थाना प्रभारी राजेंद्र कांत शुक्ला ने बताया कि मामला साइबर ठगी से जुड़ा है और जांच की जा रही है। संबंधित खातों और डिजिटल लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है




