जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिया प्रशिक्षण – घर-घर सत्यापन कर मतदाता सूची को शुद्ध बनाने के निर्देश

ब्यूरो चीफ़ जालौन – शैलेन्द्र सिंह तोमर
उरई (जालौन)।
जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सोमवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बीएलओ और सुपरवाइजरों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि “मतदाता सूची का शुद्धीकरण लोकतंत्र की नींव है। यदि सूची सटीक और त्रुटिरहित होगी तो चुनाव पारदर्शी व निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सकेंगे।”
उन्होंने निर्देश दिया कि सुपरवाइजर और बीएलओ घर-घर जाकर पात्र नागरिकों का सत्यापन करें। प्रत्येक योग्य मतदाता का नाम सूची में जुड़ना अनिवार्य है, जबकि अपात्र नाम समय पर हटाए जाएं। साथ ही मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों और दावों-आपत्तियों का निस्तारण समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से किया जाए।
डीएम ने अधिकारियों को यह भी स्पष्ट किया कि –
नए मतदाता जोड़ने के लिए फॉर्म-6
नाम हटाने के लिए फॉर्म-7
संशोधन/स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 का उपयोग सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही जनता को इन प्रपत्रों और निर्वाचन आयोग की ऑनलाइन सुविधाओं के बारे में जागरूक करने पर विशेष जोर दिया। ताकि लोग आसानी से आवेदन कर सकें।
प्रशिक्षण में अधिकारियों को फील्ड सत्यापन, प्रपत्रों के सही उपयोग, पर्यवेक्षण व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण की बारीकियों पर भी जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि “लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर पात्र मतदाता का सूची में नाम होना आवश्यक है। यह जिम्मेदारी हम सभी को टीम भावना के साथ निभानी होगी।”
इस अवसर पर उप निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नेहा ब्याडवाल सहित कई संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




