मिशन शक्ति 5.0 : जब मंच से लेकर नेतृत्व तक नारी शक्ति ने संभाली कमान, दिखाया आत्मविश्वास और नेतृत्व की नई मिसाल
ब्यूरो चीफ़ जालौन : शैलेन्द्र सिंह तोमर
उरई(जालौन)
25 सितम्बर 2025
राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में मिशन शक्ति 5.0 के तहत आज भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसने नारी शक्ति की जीवंत झलक प्रस्तुत की। मंच संचालन से लेकर अतिथियों तक, हर जगह महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व कौशल ने उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया।
इस अवसर पर महिलाओं को सम्मानित करने के लिए प्रतीकात्मक जिलाधिकारी की भूमिका श्रीमती बबली देवी को तथा प्रतीकात्मक पुलिस अधीक्षक की भूमिका सीमा को सौंपी गई। दोनों ने आत्मविश्वासपूर्ण संबोधन के माध्यम से उपस्थित छात्राओं और महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
एक दिन की जिलाधिकारी बबली देवी ने कहा – “आज का दिन मेरे लिए गौरव का है। मिशन शक्ति ने हमें यह विश्वास दिया कि महिलाएँ केवल घर तक सीमित नहीं, बल्कि प्रशासन और नेतृत्व की जिम्मेदारी भी निभा सकती हैं। बेटियाँ अब किसी से कम नहीं, वे चाहें तो हर मुकाम हासिल कर सकती हैं।”
पुलिस अधीक्षक सीमा ने कहा – “महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस सदैव बेटियों की सुरक्षा के लिए तत्पर है। हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और 181 हर महिला का सुरक्षा कवच हैं।”
इस मौके पर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन और एमएलसी रमा निरंजन ने भी कार्यक्रम की सफलता और मिशन शक्ति के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। बड़ी संख्या में नारी शक्ति और छात्राओं की उपस्थिति ने इस कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
कार्यक्रम ने न सिर्फ महिलाओं और बालिकाओं का आत्मविश्वास बढ़ाया, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि नारी शक्ति ही सशक्त भारत की पहचान है।




