वसुंधरा राजे सिंधिया ने संगम में लगाई डुबकी
पुरी शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती का लिया आशीर्वाद
प्रयागराज(आरएनएस )। गुरुवार को राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा की फायरब्रांड नेत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने संगम में पुण्य की डुबकी लगाई।
इसके बाद उन्होंने गोवर्धन मठ पुरी शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। संगम स्नान के बाद भाव विभोर होते हुए वसुंधरा राजे सिंधिया ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में संगम घाट पर स्नान कर पूजा अर्चना की और प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की।त्रिवेणी संगम के घाट पर आस्था और भक्ति का जो महासागर दिखा उससे अभिभूत और भावविभोर हूँ।
संगम स्नान के बाद वसुंधरा राजे महाकुंभ क्षेत्र के सेक्टर 19 स्थित पुरी शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती के शिविर पहुंची और उनका दर्शन कर धर्म आध्यात्म व राष्ट्र के बारे में उनसे चर्चा की। इस दौरान शंकराचार्य के निजी सचिव स्वामी श्री निर्विकल्पनानंद सरस्वती, आचार्य विवेक मिश्र वृन्दावन, प्रफुल्ल चैतन्य ब्रम्हचारी, हृषिकेश ब्रह्मचारी, राजेश चैतन्य ब्रह्मचारी सहित शिष्यगण उपस्थित रहे।




