परिवार नियोजन को लेकर शहरी क्षेत्र में जन
जागरूकता गतिविधियां आयोजित
विश्व जनसंख्या दिवस अभियान के तहत रैली, चौपाल, विद्यालयों और समुदाय तक पहुंचा जागरूकता संदेश
उन्नाव, 17 जुलाई 2026।
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 से 18 जुलाई तक चल रहे विशेष अभियान के तहत उन्नाव नगर में परिवार नियोजन एवं प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए शहरी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं PSI India के सहयोग से विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत रैली, चौराहा बैठकें, विद्यालयों में जागरूकता सत्र, पोस्टर प्रतियोगिता तथा महिला आरोग्य समिति (MAS) की सामुदायिक बैठकों के माध्यम से लोगों तक छोटे परिवार और स्वस्थ जीवन का संदेश पहुंचाया गया।
शहरी नोडल अधिकारी डॉ. जे.आर. सिंह ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस अभियान का उद्देश्य केवल जनसंख्या नियंत्रण नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र दंपति तक गुणवत्तापूर्ण परिवार नियोजन सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित कर स्वस्थ एवं समृद्ध समाज का निर्माण करना है।
जिला शहरी स्वास्थ्य समन्वयक डॉ. रानू कटियार ने कहा कि परिवार नियोजन अपनाने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आती है, साथ ही परिवार का स्वास्थ्य और आर्थिक स्तर भी बेहतर होता है। उन्होंने पात्र दंपत्तियों से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर उपलब्ध निःशुल्क परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी, आशा कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिक शामिल हुए। रैली के माध्यम से छोटे परिवार के लाभ, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल तथा परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों के बारे में जानकारी दी गई।
शहर के प्रमुख चौराहों पर आयोजित पुरुष सहभागिता (Male Engagement) बैठकों में पुरुषों को परिवार नियोजन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका, पुरुष नसबंदी (NSV), कंडोम के उपयोग तथा परिवार के स्वास्थ्य और आर्थिक सुदृढ़ता में उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
विद्यालयों में आयोजित जागरूकता सत्रों एवं पोस्टर प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने जनसंख्या स्थिरीकरण, किशोर स्वास्थ्य, लैंगिक समानता और जिम्मेदार नागरिकता जैसे विषयों पर अपने विचार रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रोत्साहित भी किया गया।
विभिन्न वार्डों में आयोजित महिला आरोग्य समिति (MAS) की बैठकों में महिलाओं को प्रसवोत्तर परिवार नियोजन (PPFP), गर्भनिरोधक साधनों के सुरक्षित उपयोग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर उपलब्ध निःशुल्क सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने परिवार और समुदाय में भी इन संदेशों का प्रसार करने के लिए प्रेरित किया गया।
डिस्ट्रिक्ट फैमिली प्लानिंग लॉजिस्टिक मैनेजर डॉ. आरिफ ने बताया कि सभी शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार नियोजन संबंधी आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं निरंतर प्रदान की जा रही हैं।
अभियान में स्वास्थ्य विभाग, PSI India, आशा कार्यकर्ताओं, महिला आरोग्य समितियों, विद्यालयों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए परिवार नियोजन के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
परिवार नियोजन को लेकर शहरी क्षेत्र में जन जागरूकता गतिविधियां आयोजित
Leave a comment
Leave a comment




