*उन्नाव में ओवरलोड वाहनों पर एआरटीओ का शिकंजा, 80 दिनों में 2 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया, 750 वाहनों पर कार्रवाई*
उन्नाव। जिले में ओवरलोड वाहनों, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग का अभियान जारी है। इस अभियान के तहत 1 अप्रैल से अब तक लगभग 2 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है। एआरटीओ प्रवर्तन संजीव कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर खनन विभाग, परिवहन विभाग, पुलिस और प्रशासन की एक संयुक्त टास्क फोर्स गठित की गई है। यह टास्क फोर्स मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जिले में ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। बता दे कि टास्क फोर्स द्वारा हर दूसरे दिन रात में औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, प्रमुख चेक प्वाइंटों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन सड़कों पर न चल सकें। एआरटीओ के अनुसार, 1 अप्रैल से अब तक बिना नंबर प्लेट वाले लगभग 750 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। वहीं, ओवरलोडिंग के आरोप में लगभग 250 वाहनों का चालान कर उन्हें बंद किया गया है। क्षमता से अधिक माल ढोने के लिए वाहनों की बॉडी बढ़ाने वाले करीब 170 वाहनों पर भी कार्रवाई की गई है। इसके अलावा, सड़क हादसों का कारण बनने वाले नो पार्किंग में खड़े वाहनों और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाकर 125 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। इस अभियान से अब तक लगभग दो करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। एआरटीओ ने बताया कि ओवरलोडिंग में काफी कमी आई है और पहले की तुलना में सड़क पर ओवरलोड वाहन कम दिखाई दे रहे हैं। विभाग का लक्ष्य ओवरलोडिंग को पूरी तरह समाप्त करना है। बिना नंबर प्लेट या नंबर छिपाकर चलने वाले डंपर और ट्रकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। ऐसे वाहनों में नंबर प्लेट पर कालिख पोतना, कीचड़ लगाना या नंबर अधूरा प्रदर्शित करने जैसी शिकायतों पर पहले चालान और फिर सीज करने की कार्रवाई की जा रही है। अब तक ऐसे 724 डंपर और ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों पर भी लगातार कार्रवाई जारी है। नियमों का उल्लंघनल करने वाले 2066 लोगों के चालान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि रात्रिकालीन अभियान लगातार जारी रहेगा और टास्क फोर्स समय-समय पर कार्रवाई करती रहेगी। ओवरलोडिंग और नियम तोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




