आम बजट 140 करोड़ भारतीयों की खुशहाली की गारंटी: नंद गोपाल नंदी
कानपुर में व्यापारियों से बजट पर संवाद, बंद कपड़ा मिलों को चालू कराने की उठी मांग
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। भाजपा कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्र व्यापार प्रकोष्ठ की ओर से रविवार को ज्ञान भारती महिला विद्यालय, बिरहाना रोड में व्यापारियों के साथ बजट पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा कि केंद्र सरकार का आम बजट 140 करोड़ भारतीयों की खुशहाली, समृद्धि और जीवन स्तर में सुधार की गारंटी है।
उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिसमें व्यापार, उद्योग और रोजगार को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
कानपुर की बंद कपड़ा मिलों को चालू कराने की मांग
कार्यक्रम के दौरान नौघड़ा कपड़ा कमेटी के अध्यक्ष शेषनारायण त्रिवेदी ने कैबिनेट मंत्री के समक्ष कानपुर की बंद पड़ी 11 कपड़ा मिलों का मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि कम से कम एक कपड़ा मिल को फिर से चालू कराया जाए, जिससे शहर में रोजगार के अवसर बढ़ें और बेरोजगारी पर अंकुश लगे।
वहीं, सराफा एसोसिएशन के नीरज दीक्षित ने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।
हाई-स्पीड रेल और एमएसएमई फंड से यूपी को बड़ा लाभ
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा कि हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और रेलवे के आधुनिकीकरण का सबसे बड़ा लाभ उत्तर प्रदेश को मिलने जा रहा है। इससे लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और आगरा जैसे प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापार को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि छोटे और मध्यम उद्योगों के लिए घोषित 10,000 करोड़ रुपये का एमएसएमई ग्रोथ फंड प्रदेश के कुटीर उद्योग, हस्तशिल्प, हैंडलूम, चमड़ा और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को सशक्त करेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
व्यापारियों की भागीदारी से सफल रहा कार्यक्रम
कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता ने की, जबकि संचालन पारस अवस्थी ने किया।
इस अवसर पर भाजपा उत्तर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, विजय पंडित, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, शेषनारायण त्रिवेदी, पंकज अरोड़ा, रोशन लाल अरोड़ा, मुकुल वर्मा, विजय गुप्ता, अचल गुप्ता, उमंग अग्रवाल, मुकेश गौड़, सुरेश गुप्ता, पार्षद अभिषेक गुप्ता, मोनू, सुरेंद्र गुप्ता, गुरुनारायण गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।




