*उन्नाव कचहरी पुल की जर्जर सड़क दे रही हादसों को दावत।जगह-जगह उखड़ी सड़क और गहरे गड्ढों से वाहन चालक परेशान।*
उन्नाव। शहर का कचहरी पुल जर्जर सड़क के कारण हादसों को दावत दे रहा है। पुल की सड़क जगह-जगह से उखड़ गई है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। गड्ढों से बचने के दौरान दोपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ रहा है, जिससे कई लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। पुल पर लगातार वाहनों की आवाजाही के कारण हादसे का खतरा बना हुआ है।
कचहरी पुल शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है। यहां से रोजाना 10 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। सुबह से देर रात तक दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क की ऊपरी परत उखड़ने और गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश में बढ़ जाता है हादसे का खतरा
सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। गड्ढों से बचने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। बारिश में स्थिति और खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है।
लोगों ने जल्द मरम्मत की मांग की
स्थानीय लोगों का कहना है कि कचहरी पुल से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। इसके बावजूद सड़क की खराब हालत का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। लोगों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने और हादसों पर रोक लगाने की मांग की है।
बारिश रुकते ही शुरू होगी पैचिंग
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता हरदयाल अहिरवार ने बताया कि कचहरी पुल की सड़क का पिछला नवीनीकरण करीब पांच साल पहले हुआ था। सड़क की ऊपरी परत उखड़ने के कारण इसे इस वर्ष के नवीनीकरण की योजना में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल बारिश का मौसम है और अगले दो दिन भी बारिश की संभावना है। मौसम साफ होने के करीब दो दिन बाद सड़क पर पैचिंग का काम शुरू कराया जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही सुचारु हो सके।
नवंबर-दिसंबर में डाली जाएगी नई परत
अधिशासी अभियंता के मुताबिक, नवंबर-दिसंबर के आसपास पुल की सड़क पर 25 एमएम की नई परत डालकर नवीनीकरण कराया जाएगा। विभाग का दावा है कि इससे सड़क की स्थिति बेहतर होगी और पुल पर यातायात सुगम हो सकेगा।
फिलहाल वाहन चालकों को उखड़ी सड़क और गड्ढों से होकर गुजरना पड़ रहा है। लोगों को बारिश रुकने के बाद पैचिंग और इसके बाद प्रस्तावित नवीनीकरण का इंतजार है।
*अस्तित्व कुशवाहा उन्नाव संवाददाता*




