मानव संपदा पोर्टल:
ब्लॉक स्तर पर दुरुस्त होगा शिक्षकों का सेवा विवरण, लापरवाही पर बीईओ होंगे सीधे जिम्मेदार
शिक्षकों से लिए जा रहे हैं बार-बार आवेदन, नहीं हो रहा है संशोधन
राजेश कटियार
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश शासन और स्कूल शिक्षा महानिदेशक के निर्देशों के क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने मानव संपदा पोर्टल पर शिक्षकों और कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका (सर्विस बुक) को अनिवार्य रूप से अद्यतन और संशोधित करने के कड़े आदेश दिए हैं। लंबे समय से शिक्षकों द्वारा बार-बार आवेदन देने के बावजूद उनकी सर्विस बुक में संशोधन न होने की शिकायतें मिल रही थीं जिससे नियुक्ति, ज्वाइनिंग, अवकाश प्रबंधन और वेतन आहरण जैसे महत्वपूर्ण ऑनलाइन विभागीय कार्यों में भारी असुविधा हो रही थी। व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से अब यह पूरी प्रक्रिया समय सीमा के भीतर ब्लॉक स्तर पर उपलब्ध एस्टेब्लिशमेंट डेटा एंट्री आईडी के माध्यम से ऑनलाइन पूरी की जाएगी। विभाग ने इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया है। बीएसए ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी भी विकासखंड में शिक्षकों के विवरण को अपडेट करने में देरी या कोई त्रुटि पाई जाती है तो इसके लिए संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी सीधे जिम्मेदार होंगे। इस डिजिटल पहल से पूरी प्रशासनिक व्यवस्था त्रुटिहीन बनेगी और शिक्षकों को अपने सेवा संबंधी विभागीय कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी।




