*रनिया की रिन्द नदी में 1 माह के नवजात का शव उतराता मिला, गांव में सनसनी*
नाहर सिंह यादव
कानपुर देहात । रनिया थाना अंतर्गत रायपुर कुकुहट गांव में रिन्द नदी में एक माह के नवजात शिशु का शव नदी में उतराता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव को देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।
इस संबंध में रनिया थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि शव लगभग 3-4 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नवजात को नदी में फेंक दिया गया है। जांच के अनुसार शव लड़के का है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस आसपास के गांवों में नवजात के परिजनों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शिशु को किस परिस्थिति में नदी में फेंका गया।
एक माह के मासूम का शव नदी में मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश के साथ-साथ कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं।




