*सावन के तीसरे सोमवार पर गंगा मे उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़*
*रमन शर्मा शुक्लागंज *संवाददाता**
*शुक्लागंज/ गंगाघाट* : में गंगाघाट से मंदिरों तक गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे
(विशाल मौर्य | उन्नाव)
उन्नाव में सावन के तीसरे सोमवार को श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। सुबह से ही गंगाघाट पर स्नान के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंजते रहे। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु शिवालयों में जलाभिषेक के लिए पहुंचे, जिससे मंदिरों में भी भारी भीड़ रही।
गंगाघाट पर अलसुबह से ही दूर-दराज से आए कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। पुरुष, महिलाओं और बच्चों ने श्रद्धापूर्वक गंगा स्नान किया। स्नान के उपरांत भक्तों ने घाट पर पूजा-अर्चना की और फिर शिवालयों की ओर प्रस्थान किया।
विशेष रूप से प्रसिद्ध गोकुल बाबा मंदिर, राजराजेश्वरी मंदिर और अन्य शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का बेलपत्र, धतूरा, भांग, दूध और गंगाजल से जलाभिषेक किया। उन्होंने अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मंदिर प्रांगण में धार्मिक भजनों और शिव तांडव स्त्रोत का पाठ होता रहा, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कई स्थानों पर शिवभक्तों द्वारा भंडारे और शर्बत वितरण की व्यवस्था भी की गई थी।
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए थे। गंगाघाट और प्रमुख मंदिरों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया था। महिला पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहीं।
कांवड़ यात्रा मार्गों पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई थी। नगर पालिका ने सफाई व्यवस्था और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी प्रयास किए।




