दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज में “हर घर तिरंगा अभियान–2026” के अंतर्गत नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन
कानपुर। दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर में “हर घर तिरंगा अभियान–2026” के अंतर्गत छात्राओं में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने के उद्देश्य से महाविद्यालय की एनएसएस, एनसीसी एवं रेंजर्स इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम की संयोजिका रोवर रेंजर की वरिष्ठ सदस्या डॉ दीपाली सक्सेना रहीं I
प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा तिरंगे के सम्मान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना एवं “हर घर तिरंगा” अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना था। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने रचनात्मक, प्रभावशाली एवं प्रेरणादायक नारों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव, एकता तथा तिरंगे के सम्मान का सशक्त संदेश प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की एनएसएस, एनसीसी एवं रेंजर्स इकाइयों की छात्राओं सहित बड़ी संख्या में छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। छात्राओं की सृजनात्मक अभिव्यक्ति, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरणादायी एवं सफल बनाया। महाविद्यालय की समस्त प्राध्यापिकाओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं ने “हर घर तिरंगा अभियान–2026” को जन-जन तक पहुँचाने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं गौरव को सदैव बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. वंदना निगम, निदेशक (स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रम) प्रो. अर्चना वर्मा, एनएसएस समिति के समस्त सदस्यों, एनसीसी एवं रेंजर्स इकाई प्रभारियों तथा समस्त प्राध्यापिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




